मुंबई, 25 जनवरी (भाषा) उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के एक नेता ने रविवार को कहा कि मनसे को कल्याण डोंबिवली नगर निगम में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ हाथ मिलाने के अपने फैसले के बारे में शिवसेना (यूबीटी) को सूचित करना चाहिए था।
युवा सेना के सचिव वरुण सरदेसाई की टिप्पणी मनसे प्रमुख राज ठाकरे द्वारा मंच पर अपने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे के साथ एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति को “गुलामों का बाजार” बताए जाने के कुछ दिनों बाद आई है।
सरदेसाई ने संवाददाताओं से कहा, “मनसे एक अलग पार्टी है। मुझे (मनसे) को यह बताने की जरूरत नहीं है कि क्या करने की जरूरत है। मैं यह कल्याण डोंबिवली के संदर्भ में कह रहा हूं। हमने एक साथ चुनाव लड़ा था। अगर उन्हें कोई अलग निर्णय लेना था, तो उन्हें हमारे साथ चर्चा करनी चाहिए थी। चर्चा के बाद कोई रास्ता निकल सकता था।”
उन्होंने कहा, ”यही हमारी एकमात्र उम्मीद थी।”
उन्होंने कहा कि केडीएमसी में शिवसेना (यूबीटी) के 11 नगरसेवक हैं और एमएनएस के पांच नगरसेवक हैं।
नगर निकायों में महापौर पदों की दौड़ के बीच, बुधवार को कल्याण डोंबिवली में एक नया राजनीतिक समीकरण उभर कर सामने आया, जब मनसे के पांच नगरसेवकों ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में भाजपा की सहयोगी शिवसेना को समर्थन देने की पेशकश की।
स्थानीय मनसे नेता और पूर्व विधायक राजू पाटिल ने दावा किया था कि राज ठाकरे की अनुमति के बाद राजनीतिक स्थिरता के लिए यह निर्णय लिया गया था।
122 सदस्यीय केडीएमसी में, शिवसेना 53 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि सहयोगी भाजपा 50 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है। पांच मनसे नगरसेवकों के समर्थन के साथ, गठबंधन में अब 108 सदस्य हैं।
शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) ने क्रमशः ग्यारह, दो और एक सीटें जीती हैं।
