अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया है।अपराध शाखा की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) ने मामले के सिलसिले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें कथित शूटर दीपक शर्मा भी शामिल है।
जुहू की बिल्डिंग पर पांच गोलियां चलीं
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटनास्थल से भागने से पहले 1 फरवरी की तड़के जुहू इलाके में शेट्टी की इमारत पर पांच गोलियां चलाई थीं।एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार शूटर के पास से बरामद कर लिया गया है और अपराध में इसके इस्तेमाल की पुष्टि के लिए इसे बैलिस्टिक परीक्षण के लिए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में भेजा गया है।”
से कथित लिंक लॉरेंस बिश्नोई गैंग
जांचकर्ताओं ने कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी लोग लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर के निर्देश पर काम कर रहे थे।पुलिस ने कहा कि यह हमला कथित तौर पर फिल्म निर्माता को नुकसान पहुंचाने, डर पैदा करने और वर्चस्व का दावा करने के इरादे से किया गया था। सोशल मीडिया पोस्ट में गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने वाला लोनकर राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले और बांद्रा में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना में भी वांछित है।अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के कड़े प्रावधान लागू किए हैं।